सुरकंडा देवी (कद्दूखाल) में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया स्थलीय निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने शुक्रवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र धनोल्टी के अंतर्गत सुरकंडा देवी (कद्दूखाल) में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि क्षेत्र में एक भू-स्वामी द्वारा किए गए अनियंत्रित कटान के कारण भारी भूस्खलन हुआ, जिससे स्थानीय दुकानदार शीशराम उनियाल और उनके भाई दौलत राम उनियाल की दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकानों की नींव कमजोर होने और उनमें गंभीर दरारें आने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों दुकानों को खाली करा दिया है।

उन्होंने कहा कि इस घटना से दोनों परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और रोजगार को ध्यान में रखते हुए विधायक ने मौके से ही टिहरी के जिलाधिकारी और तहसील धनोल्टी के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर क्षतिग्रस्त दुकानों की सुरक्षा के लिए तत्काल मजबूत पुश्ता (सुरक्षा दीवार) निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

About The Author