देहरादून में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई चिंता

लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में SSP को सौंपा ज्ञापन, सात दिन में विशेष अभियान चलाने की मांग

देहरादून, 08 अक्टूबर। देहरादून जिले में बढ़ते अपराध, महिला सुरक्षा, नशाखोरी, साइबर ठगी, स्ट्रीट क्राइम और यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गंभीर चिंता जताई है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सात दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाने की मांग की।

लालचन्द शर्मा ने कहा कि देहरादून में महिला सुरक्षा से लेकर नशाखोरी, स्ट्रीट क्राइम और साइबर अपराध तक कई गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन मामलों में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित मौजूदगी बढ़ाई जानी चाहिए।

कॉलेज और छात्रावासों के आसपास गश्त बढ़ाने की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीएवी, डीबीएस, ग्राफिक एरा, यूपीईएस सहित प्रमुख कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और छात्रावासों के आसपास मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने महिला चीता पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील एवं बाजार क्षेत्रों में सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी रखी।

नशे के मुख्य नेटवर्क पर हो कार्रवाई

नशाखोरी के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई के बजाय नशे के मुख्य तस्करों और पूरे नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।

पब, क्लब और शराब की दुकानों के बाहर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

कांग्रेस ने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने और हुड़दंग पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। पब, क्लब, शराब की दुकानों और कैंटीनों के बाहर देर रात होने वाले हुड़दंग, ओवर-स्पीडिंग और स्टंट बाइकिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा देर रात तक बजने वाले डीजे और लाउडस्पीकर पर भी प्रभावी नियंत्रण की मांग रखी गई।

साइबर ठगी पर जागरूकता और त्वरित कार्रवाई की मांग

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’, फर्जी निवेश और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने के लिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की मांग की।

ISBT और रेलवे स्टेशन पर सरप्राइज पिकेट्स लगाने की मांग

स्ट्रीट क्राइम पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस ने आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील मार्गों पर सरप्राइज पिकेट्स लगाने की मांग की। इसके साथ ही किराएदारों, घरेलू सहायकों, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों तथा बाहरी श्रमिकों के सत्यापन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

गांधी रोड के संडे मार्केट का मुद्दा भी उठा

पूर्व विधायक राजकुमार ने गांधी रोड पर लगने वाले कथित अवैध संडे मार्केट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रविवार को सड़क पर बाजार लगने से क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति पैदा होती है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है।

उन्होंने प्रशासन से सार्वजनिक सड़कों और प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से बाजार लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही गांधी रोड की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और बाजार में आने वाले दुकानदारों एवं लोगों के उचित सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रमुख चौराहों से अवैध पार्किंग हटाने की मांग

यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राजपुर रोड, रिस्पना पुल और निरंजनपुर मंडी सहित प्रमुख चौराहों से अवैध पार्किंग हटाने, नो-पार्किंग जोन को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने और स्कूली छुट्टी के समय पेट्रोल-डीजल टैंकर, पानी के टैंकर सहित भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने 29 सितंबर 2026 को हुए छात्रसंघ चुनाव, विशेषकर डीएवी (पीजी) महाविद्यालय में चुनाव प्रक्रिया एवं मतगणना के दौरान कथित अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले NSUI कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा भी SSP के समक्ष उठाया।

लालचन्द शर्मा ने कहा कि छात्रों को अपनी शिकायत और असहमति लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त करने का अधिकार है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय समीक्षा कराने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि जांच में मुकदमे निराधार पाए जाने पर उन्हें वापस लेने की कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों अथवा कर्मचारियों पर लगाए गए पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को किसी भी राजनीतिक अथवा बाहरी दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

सात दिन में विशेष अभियान की मांग

लालचन्द शर्मा ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं छात्र सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने SSP से मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए सात दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि देहरादून में आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो सके।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश प्रवक्ता दीप वोहरा, राजीव पुंज, राजेश शर्मा, पार्षद अर्जुन सोनकर, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, आशु रतूड़ी, पार्षद सुमनद्र बोरा, पार्षद रमेश कुमार मंगू, विपुल नौटियाल, सुरेश चंद, सोमप्रकाश वाल्मीकि, इसरार अहमद, देवेंद्र पाल सिंह, बाबू सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author