नालापानी चौक के पास सुबह की घटना, महिला की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
देहरादून। सहस्रधारा रोड पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नालापानी चौक के पास काले रंग की स्विफ्ट कार सवार कुछ लोगों द्वारा स्कूटी से जा रही एक महिला को रोककर कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने और खींचने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6:50 बजे की बताई जा रही है। महिला के मुताबिक, वह स्कूटी से जा रही थी, तभी काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान महिला को जबरन कार में बैठाने और खींचने का प्रयास किया गया। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद कार सवार कथित रूप से वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🔍 CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही उन मार्गों के कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिनसे घटना के बाद कार के गुजरने की संभावना है।
पुलिस का प्रयास है कि CCTV फुटेज के माध्यम से काले रंग की स्विफ्ट कार की पहचान करने के साथ उसमें सवार लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा और चिंता का माहौल है।
