माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी, बढ़ाया हौसला

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत से भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। दोनों ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जनपद के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो के शिखर पर सफलतापूर्वक पहुंचकर वहां तिरंगा फहराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

About The Author