पर्वतारोहियों का साहस, अनुशासन और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी: मुख्यमंत्री

सीएम धामी ने NIM के सफल पर्वतारोहण अभियानों का किया फ्लैग-इन, माउंट एकांकागुआ समेत नुन-कुन की तीन चोटियों पर फहराया सफलता का परचम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी की ओर से संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में पर्वतारोहियों द्वारा हासिल की गई ये उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ-साथ देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

माउंट एकांकागुआ पर सफल आरोहण

NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के संयुक्त अभियान के तहत अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ पर सफल आरोहण किया गया। अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया।

छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफलतापूर्वक पहुंचकर उपलब्धि हासिल की। इस संयुक्त अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर फतह

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया।

इसके बाद अभियान दल ने 26 अगस्त 2026 को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 चोटी और 31 अगस्त 2026 को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया।

इस तरह अभियान दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि NIM युवाओं को उच्च स्तरीय पर्वतारोहण एवं साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के साथ उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतारोहियों की ऐसी उपलब्धियां उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM उत्तरकाशी के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित NIM के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

About The Author