UKSSSC पेपर लीक मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, हाकम सिंह की ₹63.30 लाख की संपत्ति कुर्क

दून वैली टाइम्स | देहरादून

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हाकम सिंह रावत की करीब ₹63.30 लाख मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है।

ED के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2021 की स्नातक स्तरीय VDO/VPDO भर्ती परीक्षा पेपर लीक और 2016 की VDO/VPDO परीक्षा में अनियमितताओं से संबंधित दर्ज FIR के आधार पर की गई जांच के बाद हुई है।

संगठित गिरोह के जरिए लीक हुआ था पेपर

जांच में सामने आया कि हाकम सिंह रावत के नेतृत्व में एक संगठित गिरोह ने परीक्षा की प्रिंटिंग एजेंसी RMS Techno Solutions Pvt. Ltd. के कुछ कर्मचारियों, लोक सेवकों, बिचौलियों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गोपनीय प्रश्नपत्र लीक किए। आरोप है कि अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई।

95 लाख रुपये की अवैध कमाई का आरोप

ED की जांच के अनुसार, हाकम सिंह रावत ने अभ्यर्थियों से करीब ₹95 लाख वसूले। जांच में बैंक खातों में घोषित आय से अधिक नकद जमा, आयकर रिटर्न में कृषि आय दिखाकर अवैध धन को वैध बनाने के प्रयास और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं।

तलाशी में मिले अहम दस्तावेज

एजेंसी ने मामले में 14 ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और नकदी बरामद की थी। वहीं, उत्तराखंड पुलिस की SIT द्वारा दाखिल कई चार्जशीट में भी हाकम सिंह रावत और उसके सहयोगियों की भूमिका का उल्लेख किया गया है।

जांच अभी जारी

ED ने इस मामले में विशेष PMLA न्यायालय, देहरादून में अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर दी है। एजेंसी का कहना है कि भर्ती घोटाले से जुड़े धन के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

About The Author