असम में बाढ़ का कहर जारी, मृतकों की संख्या 78 पहुंची, 3.32 लाख लोग अब भी प्रभावित

Listen to this article

गुवाहाटी। असम में विनाशकारी बाढ़ का संकट अभी भी बरकरार है। पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ से तीन और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 78 हो गई है। राज्य में अब भी करीब 3.32 लाख लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं।

राज्य सरकार ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर ₹9 लाख कर दी है। साथ ही मुआवजा प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नियमों में भी ढील दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, सोनितपुर और कामरूप मेट्रोपॉलिटन सहित सात जिले अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों के 21 राजस्व परिक्षेत्रों के 622 गांव प्रभावित हुए हैं।

सबसे अधिक प्रभावित चराइदेव जिला है, जहां 1.42 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में 97,074 और जोरहाट में 57,371 लोग प्रभावित हैं।

बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य में 81 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 32,477 विस्थापित लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा 34 राहत सामग्री वितरण केंद्र भी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

About The Author