जमशेदपुर/ देहरादून। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राज्य सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा मरीन ड्राइव क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी चार लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की पहचान विभिन्न रिपोर्टों में तृषा सिंह/इस्तिका सिंह के रूप में दी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख शब्दों से परे और असहनीय होता है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पूर्व में उत्तराखंड कांग्रेस की सह-प्रभारी भी रही हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
दून वैली टाइम्स परिवार दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति। 🙏
