दून पुलिस ने चोरी का ऑटो किया बरामद, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
देहरादून। कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद कर लिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को चंद्रबनी, पटेल नगर निवासी कुलदीप चौहान ने कोतवाली पटेल नगर में अपना इलेक्ट्रिक ऑटो अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 684/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पटेल नगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घटना से जुड़े विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो UK 07 TE-4302 बरामद किया गया।
घरवालों के डर से की चोरी
पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह इलेक्ट्रिक ऑटो चलाने का काम करता है। 18 सितंबर की रात उसकी गलती से उसके ऑटो का शीशा टूट गया था। घरवालों के डर से उसने अपना ऑटो छिपा दिया और इसके बाद बंजारावाला क्षेत्र में अपने ऑटो से मिलता-जुलता एक अन्य इलेक्ट्रिक ऑटो खड़ा देखा। मौका देखकर उसने उक्त ऑटो चोरी कर लिया और वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने चोरी किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद कर लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- इलेक्ट्रिक ऑटो UK 07 TE-4302
पुलिस टीम
- उ0नि0 बलबीर सिंह
- कांस्टेबल गौरव
- कांस्टेबल विनोद
