देहरादून में ऑरेंज अलर्ट: भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून, 5 अगस्त। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा देहरादून जनपद में 5 और 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और सभी विभागों को आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारियों और कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के कारण यदि कोई सड़क या मोटर मार्ग बाधित होता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोला जाए। वहीं नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है। पुलिस के सभी थाना एवं चौकियों को भी राहत एवं बचाव उपकरणों तथा वायरलेस संचार व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा बरसाती, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में लोग फंस जाते हैं तो उनके लिए खाद्य सामग्री, पेयजल और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 7534820006, 0135-2720000, 0135-2620006 या टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।

About The Author