विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां शुरू, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश

देहरादून, 25 सितंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों एवं जोनल अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया समय से पूरी करने तथा निर्वाचन ड्यूटी के लिए विभिन्न विभागों से आवश्यक कार्मिकों का विवरण निर्धारित समय में प्राप्त करने को कहा।

बूथों पर मूलभूत सुविधाओं का होगा निरीक्षण

डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार मतदान केंद्रों पर एएमएफ (Assured Minimum Facilities) की उपलब्धता का परीक्षण करने को कहा। मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही कलेक्शन सेंटर, डिस्पैच सेंटर और मतगणना स्थलों के लिए उपयुक्त स्थानों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करने को कहा गया।

रूट प्लान, वाहन और सुरक्षा व्यवस्था की बनेगी कार्ययोजना

जिलाधिकारी ने बूथ लेवल मैनेजमेंट प्लान, रूट प्लान, कार्मिक प्रशिक्षण, वाहन व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना समय से तैयार करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।

अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय आवागमन को देखते हुए बॉर्डर चेकपोस्ट की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किया जाएगा जागरूक

डीएम ने स्वीप (SVEEP) के तहत स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा एवं पात्र नागरिक, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए।

नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की प्रक्रिया व्यवस्थित, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी रविन्द्र ज्वांठा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण स्वतंत्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भण्डारी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरि, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *