मोहब्बेवाला में दर्दनाक ट्रक हादसा: एक की मौत, दो घायल

ट्रक डिवाइडर से टकराया; चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा, एनएच विभाग को नोटिस

देहरादून। मोहब्बेवाला चौक के पास रविवार सुबह सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में ट्रक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी घायल हो गईं। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक संख्या HR38AB0216 सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला चौक के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जमील (50) पुत्र मकसूद, निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया।

दुर्घटना में बबलू कश्यप (45), निवासी मोहब्बेवाला, मूल निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश तथा उनकी 18 वर्षीय बेटी रोली घायल हुई हैं। दोनों को उपचार के लिए राजकीय दून अस्पताल भेजा गया है।

लगातार हादसों पर एनएच विभाग को नोटिस

मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभाग को पहले भी अवगत कराया जा चुका है।

ताजा हादसे के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को दोबारा लिखित नोटिस भेजकर तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब देने को कहा है। पुलिस ने जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित विभाग के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।

मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों के बीच सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

About The Author