युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे शिक्षा और रोजगार के अवसर, पलायन रोकने पर सरकार का जोर

युवा आयोग और अग्निवीर सेल से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की तैयारी : मुख्यमंत्री धामी

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित ‘युवा विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों, विचारों और सुझावों को सुना तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने छोटे नहीं हैं। युवाओं में नई सोच, आउट ऑफ द बॉक्स सोचने की क्षमता और कुछ कर गुजरने का जुनून है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे।

189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय, वर्चुअल क्लासरूम पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। 

देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं बड़ी साइंस सिटी

विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में STEM लैब, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा देने की बात कही गई। हर जिले में साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की योजना भी बताई गई। 

‘जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनें युवा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक डिमांड-बेस्ड स्किल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए युवाओं को अपना घर और पहाड़ छोड़कर पलायन करने की मजबूरी न हो। 

युवा आयोग और अग्निवीर सेल पर छात्रों के सवाल

संवाद के दौरान छात्र शौर्य ने युवा आयोग को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।

छात्रा चंद्रा ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है। 

AI को बताया चुनौती के साथ अवसर

छात्रा खुशी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि AI चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े नए शोधों से परिचित रहने का आह्वान किया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात

छात्रा प्रभजोत के भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाए जाने की स्थिति में नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और शिकायतों की जांच की बात कही।

नशे से दूर रहने का युवाओं से आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के भविष्य और सपनों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए युवाओं से मेहनत, अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 

About The Author