कांवड़ यात्रा: पेट्रोल पंप 24 घंटे रहेंगे खुले, रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रशासन सख्त

देहरादून, 01 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने यह भी तय किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि में रविवार को भी सभी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में गैस वितरण से जुड़े सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी गैस एजेंसियों के लोडर वाहनों पर एजेंसी का स्पष्ट फ्लैक्सी या बैनर लगाया जाएगा। प्रत्येक वाहन में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) और गैस सिलेंडर तौलने का कांटा अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेगा। साथ ही डिलीवरी कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पहनना भी अनिवार्य किया गया है।

24×7 संचालित होंगे पेट्रोल पंप

जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें। साथ ही सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे (24×7) संचालित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को किसी भी समय ईंधन उपलब्ध हो सके।

व्यवसायियों ने रखा यह महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक के दौरान पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों ने प्रशासन के समक्ष सुझाव रखा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ईंधन और गैस के टैंकरों के निर्बाध आवागमन के लिए प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए, जिससे आवश्यक आपूर्ति समय पर विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाई जा सके और किसी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा आवश्यक सेवाओं को ईंधन और रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, संजीव कुमार गोयल, अनिरुद्ध गोयल, अशोक जैन, सुनील अग्रवाल, नवनीत नागलिया, दिवंबर प्रसाद लखेड़ा, मुकुल दलाल, कमल सिंह सहित क्षेत्र के अनेक व्यवसायी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author