दून वैली टाइम्स|विकासनगर| 2 अगस्त
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने परचून की दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान, नकदी और डीवीआर हार्ड डिस्क बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है।
जानकारी के अनुसार पश्चिमीवाला निवासी राजेश ठाकुर ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी ‘अर्द्धसैनिक कैंटीन’ नामक परचून की दुकान की छत उखाड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गए और दुकान से ड्राई फ्रूट्स, नमकीन, सिगरेट, डीवीआर हार्ड डिस्क तथा करीब एक हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई जांच और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने बुलाकीवाला स्थित कुर्बानी स्थल के पास से इमरान (25) पुत्र इनाम, निवासी बुलाकीवाला, विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से दो पैकेट बादाम, दो पैकेट काजू, तीन पैकेट खजूर, चार पैकेट नमकीन, छह डिब्बी सिगरेट, 990 रुपये नकद तथा चोरी की डीवीआर हार्ड डिस्क बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है कि वह अन्य घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
