अवैध खनन और ओवरलोड ट्रैक्टरों से टूटी सड़कें, शाहपुर कल्याणपुर में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Listen to this article

प्रशासन और खनन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

दून वैली टाइम्स | विकासनगर

जनपद देहरादून की तहसील विकासनगर अंतर्गत शाहपुर कल्याणपुर में अवैध खनन और दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आसन नदी क्षेत्र में चल रहे खनन कार्य से परेशान ग्रामीणों ने प्रधान प्रतिनिधि के नेतृत्व में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और खनन विभाग व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि आसन नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का खेल जारी है, जबकि खनिज सामग्री से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन-रात गांव के संपर्क मार्गों से गुजरते रहते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग गांव के श्मशान घाट, कृषि भूमि और कई बस्तियों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। सड़क की बदहाली के कारण किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार खनन विभाग, प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि विभागों की अनदेखी के कारण पूरे क्षेत्र की जनता रोजाना परेशान हो रही है।

ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और वन विभाग से संयुक्त कार्रवाई कर क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

नोट: अवैध खनन संबंधी आरोप प्रदर्शनकारी ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

About The Author