विकासनगर ज्वैलर्स चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के 4 नेपाली सदस्य गिरफ्तार

विकासनगर में न्यू राणा ज्वैलर्स में हुई चोरी का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के चार नेपाली आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी की ज्वैलरी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मजदूरी के बहाने अलग-अलग राज्यों में पहुंचकर पहले रेकी करते और फिर ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाते थे। 7 अगस्त की रात विकासनगर में दुकान का ताला तोड़कर चोरी के बाद आरोपी देहरादून-हरिद्वार होते हुए हिमाचल प्रदेश भाग गए थे।

नेपाल भागने की तैयारी में देहरादून लौट रहे आरोपियों को पुलिस ने 16 अगस्त की रात कुल्हाल हाईवे पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आधार कार्ड से सिम लेते थे और चोरी के बाद सिम तोड़कर नष्ट कर देते थे। गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में कर्नाटक, तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जाने का इतिहास भी सामने आया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैना शाही उर्फ विनोद, दीपक कुमार ठाकुर उर्फ भोटिया, शंकर बहादुर शाही और निश्चल योगी उर्फ रमेश के रूप में हुई है। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य भीम बहादुर शाही वांछित है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरे राज्यों में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

About The Author