देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून से दुखद खबर सामने आई है। हरियाणा के झज्जर निवासी कैडेट निशांत धनखड़ की सैन्य प्रशिक्षण के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार निशांत सेना में लेफ्टिनेंट बनने की तैयारी कर रहे थे और 10 जुलाई को IMA में प्रशिक्षण के लिए पहुंचे थे। 9 अगस्त को दौड़ के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
रविवार को निशांत धनखड़ के पैतृक गांव कासनी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। होनहार कैडेट के निधन से परिवार, गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।
दून वैली टाइम्स परिवार कैडेट निशांत धनखड़ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। 🙏
