विकासनगर। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम पर गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विकासनगर के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विकासनगर को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम पर आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं, जिन्होंने अपने मताधिकार से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है। कांग्रेस ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
मताधिकार बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा: नवप्रभात
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि आज आम जनता को अपना मत बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में हजारों लोगों ने अपने मत को सुरक्षित कर लिया था, लेकिन इसके बाद पार्टी विशेष के एजेंटों द्वारा उनके नाम पर आपत्तियां दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
नवप्रभात ने कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार है और किसी भी व्यक्ति के मताधिकार से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सोमवार का आंदोलन केवल शुरुआत है। यदि सरकार ने उन लोगों के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, जिनके नाम पर गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज की गई हैं, साथ ही गलत तरीके से आपत्ति दर्ज कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी।
नवप्रभात ने कहा कि ऐसी स्थिति में होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष होकर लोगों की समस्याएं सुनने और प्रत्येक आपत्ति की जांच तथ्यों के आधार पर करने की मांग की।
सरकार के दबाव में काम करने का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सही मतदाताओं के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
संजय किशोर ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पात्र मतदाताओं की मदद करने और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि यह लड़ाई अभी शुरू हुई है। यदि सरकार ने मामले में सही निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस की ओर से व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
गांधीवादी तरीके से आंदोलन, लेकिन चुप नहीं बैठेगी कांग्रेस
कार्यक्रम का संचालन कर रहे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाली पार्टी है और लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से अपनी बात रखती है। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि सत्ता के गलत फैसलों के खिलाफ कांग्रेस चुप बैठ जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि लोगों के अधिकारों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस मजबूती के साथ सड़कों पर उतरेगी और शासन-प्रशासन को जनता की समस्याओं के प्रति जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज नौटियाल, शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम सिंह, शशि चौहान, कुसुम कौशल, बिना चौहान, अंकित कंसल, भारत कालरा, मोहन राठौर, अर्चना नेगी, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, सोनिया वर्मा, सुरेंद्र शर्मा, डीके बनर्जी, जीशान अली, प्रदेश सचिव शमी प्रकाश, राहुल वर्मा, सोहेल पाशा, फिरोज, इमरान, याकूब अली, नीरज रोहिल्ला, जितेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, फुरकान अहमद, असद आरफी, अयूब प्रधान, मसरूर कुर्बान, डॉ. इकबाल, सुंदर प्रधान, इस्लाम, सजल अग्रवाल, राजीव शर्मा, धीरेंद्र थंडियाल, अनुपम कपिल, मधु कपिल, उम्मेद सिंह, कुंवर पाल, भरत नेगी, सुभाष चंदेल, भवन चंद, विजय सूर्यांश, एडवोकेट मुनीर अहमद, अनस मुनीर, अशोक जगरा, डिंपल सिंह, देवानंद पासी, बलजीत सिंह, राजेश पासी, मनोज पुंडीर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
