धर्मपुर पार्षद विवेक कोठारी पर दो मुकदमे दर्ज, महिला और डेयरी संचालक ने लगाए मारपीट व धमकी के आरोप

महिला ने नुकीली वस्तु से हमला करने का लगाया आरोप, डेयरी संचालक ने कर्मचारियों से अभद्रता और कूड़ा उठाने से रोकने की शिकायत की

📰 दून वैली टाइम्स | देहरादून

राजधानी देहरादून के वार्ड संख्या-56 धर्मपुर के पार्षद विवेक कोठारी उर्फ डिंपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर दो मुकदमे दर्ज किए हैं। एक शिकायत स्थानीय महिला ने दर्ज कराई है, जबकि दूसरी शिकायत क्षेत्र के एक डेयरी संचालक की ओर से दी गई है। दोनों मामलों में मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी और सरकारी कार्य में हस्तक्षेप जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

सामुदायिक भवन की चाबी को लेकर हुआ विवाद

नेहरू कॉलोनी निवासी सुषमा जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की शाम उन्हें रश्मि उनियाल का फोन आया, जिसमें बताया गया कि पार्षद विवेक कोठारी ने नेहरू कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन की चाबी मांगी है।

शिकायत के अनुसार, वह चाबी लेकर सामुदायिक भवन पहुंचीं, लेकिन करीब 25 मिनट तक इंतजार करने के बावजूद पार्षद वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद वह पास स्थित सागर गिरी मंदिर में कथा सुनने चली गईं।

कुछ देर बाद उन्हें दोबारा फोन कर चाबी लेकर आने को कहा गया। बारिश के बीच जब वह पुनः सामुदायिक भवन पहुंचीं तो वहां पार्षद पहले से मौजूद थे।

अभद्रता, धक्का-मुक्की और नुकीली वस्तु से वार का आरोप

महिला का आरोप है कि वहां पहुंचते ही पार्षद विवेक कोठारी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि वह वार्ड के निर्वाचित पार्षद हैं, इसलिए सामुदायिक भवन की चाबी उनके पास रहनी चाहिए।

जब महिला ने बताया कि सामुदायिक भवन में चल रहे फॉल्स सीलिंग एवं स्टेज निर्माण कार्य के कारण रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की ओर से उन्हें चाबी सौंपी गई है, तो विवाद बढ़ गया।

शिकायत के मुताबिक, पार्षद ने उनके हाथ से चाबी छीनने का प्रयास किया और किसी नुकीली वस्तु से उनके दाहिने हाथ पर वार कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की में उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने सामुदायिक भवन का ताला पत्थर से तोड़कर उसकी जगह अपना ताला लगा दिया।

डेयरी संचालक ने भी दर्ज कराई शिकायत

दूसरे मामले में धर्मपुर निवासी राहुल राणा, जो राहुल डेयरी के नाम से दुकान संचालित करते हैं, ने भी पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

राहुल राणा का आरोप है कि 15 जुलाई की शाम पार्षद उनकी दुकान पर पहुंचे और खुले पैसे को लेकर उनके स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का प्रयास किया गया, हालांकि मौके पर मौजूद ग्राहकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद पार्षद ने नगर निगम के कूड़ा वाहन चालक को धमकाकर उनकी दुकान से कूड़ा उठाने से रोक दिया। इसके चलते कई दिनों तक दुकान का कचरा नहीं उठ पाया, जिससे उन्हें आर्थिक और व्यावसायिक नुकसान उठाना पड़ा।

पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग मुकदमे

नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि दोनों शिकायतों के आधार पर पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान सहित उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा।


About The Author