दून वैली टाइम्स | विकासनगर
विकासखंड विकासनगर की ग्राम पंचायत सभावाला में ग्राम प्रधान श्रीमती सीमा देवी (सीमा चौहान) के नेतृत्व में एक ओर जहां स्वच्छ भारत अभियान के तहत बरसाती नाले की व्यापक सफाई कराई जा रही है, वहीं दूसरी ओर मनरेगा (मजदूरी) कार्ड धारकों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।
बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से पंचायत क्षेत्र में बरसाती नाले की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। सफाई अभियान मजदूरों एवं जेसीबी मशीन की सहायता से युद्धस्तर पर जारी है। ग्राम प्रधान स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण कर रही हैं। नाले में वर्षों से जमा मिट्टी, गाद और कूड़े-कचरे को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।


इस दौरान प्रधान के साथ मेहरबान अली, सतपाल चौधरी, वीरपाल चौधरी एवं वार्ड सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने सफाई अभियान का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत द्वारा मनरेगा (मजदूरी) कार्ड धारकों को आवश्यक सामग्री का भी वितरण किया गया। पात्र लाभार्थियों को पंचायत की ओर से निर्धारित सामग्री उपलब्ध कराई गई। लाभार्थियों ने ग्राम पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए पंचायत का आभार व्यक्त किया।

ग्राम प्रधान श्रीमती सीमा देवी (सीमा चौहान) ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकने तथा पंचायत के विकास कार्यों और स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

