ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार में मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार

दून वैली टाइम्स | हरिद्वार

उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। संयुक्त टीम ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर 200 बोतल अवैध कोडीन युक्त सिरप बरामद किया है।

पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ के निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड के नेतृत्व में एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि विभाग और थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार क्षेत्र में अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान सराय, हरिद्वार स्थित वैभव मेडिकल स्टोर के संचालक के आवास, फ्लैट और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 200 बोतल अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद होने पर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक आकाश छाबड़ा (23 वर्ष), निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बरामद कोडीन युक्त सिरप अवैध रूप से रखा गया था। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत प्रदेशभर में नशा तस्करों और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाना है।

एसटीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस अथवा एसटीएफ को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ/एएनटीएफ हेल्पलाइन:
☎️ 0135-2656202
📱 9412029536

About The Author