देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर अपनी परेशानी सार्वजनिक करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की है। पंत ने आधी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से उत्तराखंड में जमीन खरीदने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें रहने के लिए उपयुक्त और स्पष्ट स्वामित्व वाली जमीन नहीं मिल पाई है।
ऋषभ पंत ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और काफी समय से दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड स्थानांतरित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जमीन खरीदने की प्रक्रिया में स्पष्टता की कमी के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंत ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा,
“नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का स्थानीय निवासी होने के नाते मुझे काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से अपना बेस शिफ्ट करके उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे यहां रहने के लिए कोई बड़ी और साफ जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है। मेरी आपसे गुजारिश है कि कृपया जमीन अधिग्रहण में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल स्पष्टता न होने से यह एक नाइटमेयर बन गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका सपना अपने पहाड़ी लोगों के बीच लौटकर रहने और राज्य के विकास में योगदान देने का है। पंत ने बताया कि लगातार तीन वर्षों की कोशिश के बावजूद उन्हें अभी तक अपने लिए उपयुक्त जमीन नहीं मिल सकी है।
मुफ्त जमीन नहीं, सरकारी नियमों के तहत खरीदना चाहते हैं जमीन
अपने पोस्ट में ऋषभ पंत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से किसी प्रकार की मुफ्त जमीन या विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि यदि सरकार अनुमति दे तो वह पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए सरकारी दरों पर ही जमीन खरीदना चाहते हैं।
पंत ने लिखा,
“अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपहार मिलना अच्छी बात होगी, लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं सरकार से और सरकारी दरों पर ही जमीन खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने और हमारे राज्य में अपना पहला घर बना सकूं। सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि यह प्रक्रिया कैसे करनी है।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
ऋषभ पंत की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने उत्तराखंड में भूमि खरीद की जटिल प्रक्रियाओं और स्पष्ट व्यवस्था की आवश्यकता पर सवाल उठाए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने पंत की अपने गृह राज्य में बसने की इच्छा की सराहना की।
अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी या राज्य सरकार की ओर से इस अपील पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

