उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून समेत तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है।

राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

कई जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश के पूर्वानुमान और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 2 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों की ओर से इसके आदेश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

About The Author