पूर्व विधायक स्व. शूरवीर सिंह की प्रतिमा का लखवाड़ में अनावरण

जौनसार-बावर के विकास में स्व. शूरवीर सिंह का योगदान सदैव याद रहेगा : रामशरण नौटियाल

लखवाड़। जौनसार-बावर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व विधायक स्वर्गीय शूरवीर सिंह की जयंती के अवसर पर उनके पैतृक गांव लखवाड़ में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्व. शूरवीर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित शंकर दत्त उनियाल ने की। रामशरण नौटियाल ने प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि स्व. शूरवीर सिंह ऐसे विरले जननेता थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि स्व. शूरवीर सिंह का विधायक कार्यकाल जौनसार-बावर के विकास का स्वर्णिम युग रहा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सिंचाई के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

पद से अधिक सेवा को दिया महत्व

कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित शंकर दत्त उनियाल ने कहा कि स्व. शूरवीर सिंह ने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने मंत्री पद तक को ठुकराकर यह संदेश दिया कि उनके लिए पद नहीं बल्कि जनता की सेवा अधिक महत्वपूर्ण थी। उनके विचार और कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर स्व. शूरवीर सिंह की धर्मपत्नी सावित्री चौहान, पुत्र विजयपाल सिंह, युद्धवीर सिंह, गंभीर सिंह, जगमोहन चौहान, यशपाल चौहान, संजय तोमर, नगर पालिका विकासनगर के अध्यक्ष धीरज बबी नौटियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप वर्मा, चमन नेगी, विकास तोमर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. शूरवीर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

About The Author