जौनसार-बावर के मुख्य द्वार हरिपुर यमुना घाट पर मां यमुना की प्रतिमा स्थापना को लेकर चल रहे विवाद के बीच लोक पंचायत ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपना पक्ष रखा।
लोक पंचायत ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर ऐसा निर्णय लिया जाना चाहिए, जो श्रद्धालुओं की भावनाओं, सुरक्षा और सुविधा—तीनों का सम्मान करता हो।
गौरतलब है कि हरिपुर यमुना घाट पर पुराने पुल के पिलर पर मां यमुना की प्रतिमा स्थापित किए जाने के विरोध में भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल धरने पर बैठे थे। इसके बाद यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी हरिपुर घाट और मां यमुना की प्रतिमा स्थापना को लेकर क्षेत्रवासियों की विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
अधिकांश लोगों का मत है कि मां यमुना की प्रतिमा को पुराने पुल के पिलर पर स्थापित करने के बजाय किसी सुरक्षित, सुंदर और भव्य चबूतरे पर स्थापित किया जाए, जहां श्रद्धालु सहजता से दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें।



