ऊधम सिंह नगर।उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में रविवार शाम दिनदहाड़े गैंगवार जैसी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने एक कार का पीछा करते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। इस दौरान कार में सवार एक युवक के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान गुरु चरण उर्फ गगन उप्पल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक उनकी कार के पीछे लग गए। काफी दूर तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने कार पर लगातार फायरिंग शुरू कर दी।
जान बचाने की कोशिश में नाले में गिरी कार
लगातार हो रही फायरिंग से बचने के लिए चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। इसी दौरान चली एक गोली गगन उप्पल के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- 15 से 25 राउंड फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने कार पर करीब 15 से 25 राउंड फायरिंग की। दहशत फैलाने के लिए कई गोलियां हवा में भी चलाई गईं। लोगों का दावा है कि स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों के पास आग्नेयास्त्रों के साथ तलवारें भी थीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्रत्यक्षदर्शी सौरभ बाबा ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले एक मेले के दौरान कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि उसी घटना के बाद से कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में पहले भी गदरपुर पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद और आपसी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जुटी जांच में, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। सीओ बाजपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नोट: प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा 15 से 25 राउंड फायरिंग किए जाने का दावा किया गया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।




