
ऊधमसिंह नगर। जिले के बाजपुर परगना क्षेत्र में बिना आवश्यक मान्यता और दस्तावेजों के संचालित चार मदरसों को प्रशासन ने सील कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम बाजपुर ऋचा सिंह और कोतवाली निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण के दौरान संबंधित मदरसा संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई। सील किए गए संस्थानों में मदरसा जामिया हनफिया रजाउत उलूम, मदरसा गुलशने इस्लाम, मदरसा जामिया फातिमा और मदरसा मोइनुल उलूम शामिल हैं।

एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि क्षेत्र के अन्य मदरसों का भी निरीक्षण जारी है। निर्धारित मान्यता और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हाई कोर्ट में भी मामला
नई मदरसा शिक्षा व्यवस्था और मान्यता संबंधी प्रावधानों को लेकर कुछ मदरसा संचालकों ने नैनीताल हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। प्रारंभिक सुनवाई में अदालत ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि शासन के निर्देशों के तहत जिले में मदरसों का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जोड़े रखते हुए उन्हें विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, कौशल विकास और अन्य आधुनिक विषयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
