महिला डॉक्टर की इंस्टाग्राम दोस्ती बनी मुसीबत, पीछा करने और उत्पीड़न का आरोप, मुकदमा दर्ज

Listen to this article

रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में इंस्टाग्राम पर हुई पुरानी पहचान एक महिला आई टेक्नीशियन (ऑप्टोमेट्रिस्ट) के लिए परेशानी का कारण बन गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सितारगंज निवासी आजम नामक युवक के खिलाफ पीछा करने और उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता पिछले तीन वर्षों से रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में ऑप्टोमेट्रिस्ट (लेडी आई टेक्नीशियन) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि करीब पांच-छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी पहचान आरोपी से हुई थी। दोनों के घर आसपास होने के कारण सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत बाद में फोन कॉल तक पहुंच गई।

पीड़िता का कहना है कि लगभग दो वर्ष पहले उन्होंने आरोपी से सभी तरह का संपर्क समाप्त कर दिया था और स्पष्ट रूप से फोन या संपर्क न करने के लिए कहा था। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन करता रहा और बातचीत जारी रखने का दबाव बनाता रहा।

शिकायत के अनुसार, पीड़िता प्रतिदिन सुबह सितारगंज से बस के जरिए रुद्रपुर स्थित अस्पताल ड्यूटी के लिए जाती हैं। आरोप है कि आरोपी भी उसी बस से उनका पीछा करते हुए रुद्रपुर पहुंच जाता था। इतना ही नहीं, वह अस्पताल के बाहर और कार्यस्थल तक पहुंच जाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अकेला मिलने पर आरोपी ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें भी कीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और असुरक्षित महसूस करने लगीं।

लगातार हो रही इन घटनाओं से तंग आकर पीड़िता ने रुद्रपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

About The Author