तहसील सितारगंज में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप: संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Listen to this article

जमीन की कुर्की हटाने और KCC लोन की आरसी समाप्त करने के नाम पर मांगी थी घूस, सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई से मचा हड़कंप

ऊधमसिंहनगर | 29 जुलाई | दून वैली टाइम्स

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। बुधवार को ऊधमसिंहनगर जिले की तहसील सितारगंज में विजिलेंस टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भूमि पर लगी कुर्की समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा उसकी पत्नी के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन पर जारी रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) की कार्रवाई खत्म करने के बदले तहसील के दो कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा ने ₹10,000 और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा ने ₹6,000 रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार, 29 जुलाई 2026 को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तहसील सितारगंज कार्यालय में जाल बिछाया।

कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8,000 रिश्वत लेते हुए तथा वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को ₹6,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपी

  • मदन लाल शर्मा, पुत्र किशोरी लाल शर्मा, निवासी बोरिंगवाली गली, सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर (संग्रह अमीन)
  • भूपेंद्र सिंह राणा, पुत्र प्रताप सिंह राणा, निवासी आमखेड़ा पट्टी बलखेड़ा, नानकमत्ता, जनपद ऊधमसिंहनगर (वरिष्ठ सहायक)

सतर्कता अधिष्ठान ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

विजिलेंस की जनता से अपील

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author