पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की पैनी नजर, औचक जांच में स्टॉक से लेकर नोजल तक सब दुरुस्त

ई-20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा भी मानकों के अनुरूप मिली, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून, 03 सितंबर। जनपद में पेट्रोल-डीजल की मात्रा और गुणवत्ता में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला पूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में एक पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, माप व्यवस्था और ईंधन की गुणवत्ता की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान भूमिगत टैंकों में उपलब्ध पेट्रोल-डीजल के स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया। जांच में स्टॉक का रिकॉर्ड सही पाया गया। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल वितरण करने वाले सभी नोजलों की माप भी निर्धारित मानकों के अनुरूप मिली।

जांच टीम ने ई-20 पेट्रोल की गुणवत्ता और उसमें एथेनॉल की मात्रा की भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की। जांच के दौरान एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। टीम ने ईंधन की गुणवत्ता, माप व्यवस्था तथा स्टॉक रखरखाव से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा और मानक गुणवत्ता का ईंधन उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। किसी भी पेट्रोल पंप पर मात्रा, गुणवत्ता अथवा अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप प्रतिनिधि प्रशांत रावत भी मौजूद रहे और उन्होंने जांच टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

About The Author