आतंकवाद से लेकर VVIP सुरक्षा और सोशल मीडिया निगरानी तक—डीजीपी ने दिए कड़े निर्देश

आतंकवाद से लेकर VVIP सुरक्षा और सोशल मीडिया निगरानी तक—डीजीपी ने दिए कड़े निर्देश

आगामी विधानसभा चुनाव, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला और प्रमुख धार्मिक आयोजनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला, धार्मिक आयोजनों और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ की अध्यक्षता में अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महानिदेशक अभिसूचना/सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरक्षा/एटीएस सरिता डोबाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना अधिकारियों ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर लागू करने पर जोर

बैठक में आतंकवाद नियंत्रण के दृष्टिगत राष्ट्रीय स्तर पर संचालित भारत की पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को प्रभावी रूप से धरातल पर क्रियान्वित करने पर जोर दिया गया। डीजीपी ने आतंकवाद से जुड़ी संभावित चुनौतियों को लेकर अभिसूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा समय रहते इनपुट साझा करने के निर्देश दिए।

पाकिस्तानी गैंगस्टर के इनपुट्स को लेकर विशेष सतर्कता

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टर बनाने से संबंधित सामने आए इनपुट्स तथा उसके सहयोगियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों के संदर्भ में प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और संबंधित इनपुट्स पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

राज्य एटीएस को और पेशेवर बनाने की तैयारी

बैठक में देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली तथा सफल आतंकवाद निरोधी अभियानों का अध्ययन करने और उनके प्रभावी मॉडल से सीख लेकर उत्तराखंड एटीएस के ऑपरेशनों को उच्च पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री उत्तराखंड की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही आगामी चुनावों और विशिष्ट महानुभावों के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

चीन-नेपाल सीमा पर इंटर-एजेंसी समन्वय बढ़ेगा

चीन और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे जनपदों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उच्च स्तरीय इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इसमें आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के शीर्ष अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

चारधाम यात्रा और कुंभ मेले की सुरक्षा पर फोकस

राज्य में लगातार बढ़ रही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तथा वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेला और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के सकुशल एवं निर्बाध संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

आगामी विधानसभा चुनाव, कुंभ मेला और धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर भड़काऊ सामग्री अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को समय रहते चिह्नित करने पर जोर दिया गया।

डीपफेक और अफवाहों पर तत्काल फैक्ट-चेक

संवेदनशील मामलों और सांप्रदायिक मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो, डीपफेक और अफवाहों का तत्काल आधिकारिक फैक्ट-चेक एवं खंडन जारी करने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों को लेकर भी सतर्कता

आगामी राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली सहित महत्वपूर्ण पर्वों के दौरान संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए आवश्यक जनशक्ति, तकनीकी उपकरण और अन्य संसाधनों की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखंड पुलिस को प्रदत्त विशिष्ट प्रतीक चिह्न के सम्मान में आयोजित होने वाली प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी की तैयारियों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

About The Author