उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी, कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

Listen to this article

देहरादून | Doon Valley Times

उत्तराखंड में अगले 48 घंटे मौसम चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 और 18 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। इसके साथ ही कई स्थानों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

देहरादून में बदलता रहेगा मौसम

राजधानी देहरादून में दिन की शुरुआत धूप के साथ हो सकती है, लेकिन दोपहर बाद मौसम करवट ले सकता है। 17 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रशासन और लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय मार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

About The Author