उत्तराखंड पर्यटन को नई दिशा देने की तैयारी, मुख्य सचिव ने तय करने को कहा 5 वर्षीय लक्ष्य

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय स्थित सभागार में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक कर विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए विभाग अगले 5 वर्षों के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करे ताकि तय आउटकम इंडिकेटर्स को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सके।

मुख्य सचिव ने पर्यटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रभावी पब्लिसिटी के बिना निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना कठिन होगा। उन्होंने प्रचार के लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन विकास के लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही पर्यटन सर्किट और नए पर्यटन स्थलों के विकास के साथ आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तथा हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन परियोजनाओं में निजी निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के युवाओं के लिए गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम को संस्थागत रूप देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण मॉड्यूल ऐसा हो जिससे प्रशिक्षित युवाओं को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में भी रोजगार के अवसर मिल सकें।

बैठक में वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने और बढ़ती मांग को देखते हुए ग्लैंपिंग प्रोजेक्ट्स विकसित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *