देहरादून। देहरादून पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण पर सख्त रुख अपनाते हुए जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पुलिस और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों के अनुपालन के तहत की गई है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून सभी के लिए समान है। बिना अनुमति या निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर लाउडस्पीकर का उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी धार्मिक संस्थानों और आयोजकों से अपील की कि वे ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और आम नागरिकों को ध्वनि प्रदूषण से राहत मिल सके।




