देहरादून, 18 अगस्त। बारिश के चलते देहरादून शहर में जलभराव की समस्या को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।

डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबे और कूड़े की सफाई कराई जाए। साथ ही डिवाटरिंग पंप लगाकर जमा पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करेंगे। डिवाटरिंग कार्यों की मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। जलभराव के त्वरित समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की गई।

स्थायी समाधान के लिए बनेगी डीपीआर
डीएम ने सीमाद्वार में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को जल निकासी व्यवस्था का अध्ययन कर स्थायी ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका तेजी से क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जलभराव की समस्या की नियमित निगरानी कर रहा है और स्थायी समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई
इससे पहले जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों के माध्यम से सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के मौके पर ही दर्जनों चालान करवाए गए।
डीएम ने सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
न्यूकैंट रोड की बढ़ती यातायात समस्या के स्थायी समाधान के लिए डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को सड़क के चौड़ीकरण का विस्तृत सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार शिफ्ट कराने की कार्रवाई करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
