चमोली। आवारा और हिंसक कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए नारायणबगड़ क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। क्षेत्र के 10 विद्यालयों में 20 से 23 अगस्त 2026 तक विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई कराएंगे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत की ओर से 19 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय जिलाधिकारी चमोली के निर्देशों के बाद लिया गया है। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
इन 10 विद्यालयों में रहेगा अवकाश
नारायणबगड़ क्षेत्र के राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़, सरस्वती शिशु मंदिर नारायणबगड़, उत्तरांचल विद्या निकेतन, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारायणबगड़, श्री गुरुराम राय पब्लिक स्कूल पंती, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नलगांव, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नलगांव, मॉडर्न चिल्ड्रेन एकेडमी नारायणबगड़ और उत्तराखंड विद्यालय निकेतन नारायणबगड़ में 20 से 23 अगस्त तक विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।
हालांकि विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारियां बनी रहेंगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा बनी सबसे बड़ी चिंता
आवारा और हिंसक कुत्तों की समस्या अब केवल स्थानीय परेशानी तक सीमित नहीं रह गई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में चार दिन का अवकाश घोषित किया जाना इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है।
स्थानीय स्तर पर अब सवाल उठ रहे हैं कि आवारा और हिंसक कुत्तों के आतंक पर स्थायी रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
