कोर्ट फीस के नाम पर मांगी थी रिश्वत, विजिलेंस ट्रैप टीम ने बाजपुर कोर्ट परिसर में दबोचा
बाजपुर/हल्द्वानी। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जनपद के बाजपुर सिविल कोर्ट (जूनियर डिवीजन) में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को कोर्ट फीस के नाम पर ₹3,500 की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस की ट्रैप टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कोर्ट फीस के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
विजिलेंस के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ एनआई एक्ट के तहत बाजपुर सिविल कोर्ट में एक मामला विचाराधीन था। दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) होने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल कराने न्यायालय पहुंचा, तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर ₹3,500 की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय कार्रवाई चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस से संपर्क किया।
विजिलेंस ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही गिरफ्तारी
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
पूर्व नियोजित योजना के तहत 16 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय, बाजपुर में कार्रवाई करते हुए आरोपी ओम चौहान पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को शिकायतकर्ता से ₹3,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आएं: विजिलेंस
विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की लगातार हो रही कार्रवाई के बीच यह गिरफ्तारी सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर एक और बड़ी चोट मानी जा रही है।




