देहरादून पुलिस ने एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी की एक वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को विनीत गर्ग ने अपनी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी (UK07 XC 7254) चोरी होने की शिकायत कोतवाली नगर में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों का सत्यापन किया।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने माता वाला बाग के पास चेकिंग अभियान चलाया, जहां दो संदिग्ध युवकों को चोरी की गई स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहनों की चोरी करते थे। दोनों सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की पहले रेकी करते थे और फिर मास्टर चाबी से लॉक खोलकर वाहन चोरी कर लेते थे। जिन वाहनों का लॉक नहीं खुलता था, उनका लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्लन साहनी (19) और अजय साहनी (19) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से दरभंगा (बिहार) के निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून के कांवली गांव में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लल्लन साहनी पहले भी कई वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि, हेड कांस्टेबल ओम कुमार, कांस्टेबल मोनू कुमार और कांस्टेबल मुकेश चंद शामिल रहे।




