देहरादून। विश्वविख्यात निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित कोच स्वर्गीय जसपाल राणा के परिवार पर दुखों का दूसरा बड़ा पहाड़ टूट पड़ा। स्वर्गीय जसपाल राणा के आकस्मिक निधन के महज 16 दिन बाद रविवार शाम उनकी माता श्यामा राणा का भी निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और बेटे के निधन के बाद गहरे सदमे में थीं।
गौरतलब है कि 12 जून को स्वर्गीय जसपाल राणा के अचानक निधन से खेल जगत, उत्तराखंड और पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी। अब उनके जन्मदिन के दिन ही मां श्यामा राणा के निधन की खबर ने परिवार के दुख को और गहरा कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बेटे के निधन के बाद श्यामा राणा का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता चला गया। स्वर्गीय जसपाल राणा की सफलता के पीछे उनकी मां का त्याग, संघर्ष और प्रेरणा हमेशा एक मजबूत आधार रही।
कुछ ही दिनों के भीतर मां-बेटे के निधन से पूरा राणा परिवार गहरे शोक में डूब गया है। खेल जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। 🙏🕯️
दून वैली टाइम्स परिवार दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता है।




