देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह 29 जून से उत्तरकाशी जनपद की पुरोला विधानसभा से ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ की शुरुआत करेंगे। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित यह 9 दिवसीय संयुक्त भ्रमण कार्यक्रम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार 29 जून को प्रातः 11 बजे पुरोला विधानसभा में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित होगा। इसके बाद 30 जून को यमुनोत्री, 1 जुलाई को गंगोत्री, 2 जुलाई को प्रतापनगर, 3 जुलाई को घनसाली, 4 जुलाई को टिहरी, 5 जुलाई को नरेंद्रनगर, 6 जुलाई को देवप्रयाग तथा 8 जुलाई को धनोल्टी विधानसभा में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व प्रीतम सिंह करेंगे। उनके साथ उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा मसूरी के पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। यह सभी नेता स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों, बूथ अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
अभियान के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए तैयार किया जाएगा। साथ ही बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान को गति देने पर विशेष जोर रहेगा।
प्रीतम सिंह का कहना है कि ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के माध्यम से प्रदेशभर में जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों और विकास के विजन को पहुंचाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य संगठन को गांव-गांव तक मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरना है।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि यह संयुक्त भ्रमण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगा और प्रदेश में बदलाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




