कालसी। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र चकराता के विकासखंड कालसी अंतर्गत ग्राम दोऊ खत विशायल में आयोजित “स्वागत एवं अभिनंदन समारोह” में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस आत्मीय स्वागत और स्नेह के लिए विधायक प्रीतम सिंह ने क्षेत्रवासियों का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजाति का दर्जा दिलाना कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आज जौनसार-बावर के युवा विभिन्न सरकारी सेवाओं में अपनी पहचान बना रहे हैं, जिसका बड़ा श्रेय जनजातीय दर्जा मिलने से प्राप्त अवसरों को जाता है। उन्होंने कहा कि जब लोग पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्षेत्र के लिए क्या किया, तो इसका सबसे बड़ा उत्तर यही है कि कांग्रेस सरकार ने जौनसार-बावर को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाकर विकास और रोजगार के नए द्वार खोले।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम दोऊ के ग्रामीणों ने गांव में बारात घर निर्माण की मांग को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। इस पर प्रीतम सिंह ने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
समारोह में विधायक प्रीतम सिंह ने स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक तांदी नृत्य में भी भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने खैरवा क्षेत्र में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न मुद्दों पर संवाद भी किया।
इस अवसर पर पछ्वादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर, जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष उमादत जोशी, शूरवीर सिंह नेगी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








