केतन हत्याकांड: टिहरी जा रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद और विधायक उमेश कुमार को पुलिस ने रोका, समर्थकों का हंगामा

Listen to this article

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के चर्चित केतन हत्याकांड को लेकर रविवार को प्रदेश का सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार को टिहरी जाने के दौरान हरिद्वार में पुलिस ने रोक दिया। दोनों नेता बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नई टिहरी में प्रस्तावित घेराव और पीड़ित परिवार से मुलाकात के लिए रवाना हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन को पहले ही दोनों नेताओं के टिहरी पहुंचने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जैसे ही सांसद चंद्रशेखर आजाद और विधायक उमेश कुमार का काफिला मौके पर पहुंचा, पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों नेता गाड़ियों से उतर गए और अपने समर्थकों के साथ पैदल आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने सीसीआर के समीप उन्हें दोबारा रोक दिया। मौके पर कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और समर्थकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

बताया जा रहा है कि सांसद चंद्रशेखर आजाद बहुचर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से टिहरी जा रहे थे। विधायक उमेश कुमार भी उनके साथ मौजूद थे। हालांकि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद दोनों नेताओं का काफिला आगे नहीं बढ़ सका।

फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जबकि समर्थकों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया।

About The Author