सर्पदंश से महिला की मौत, 6 महीने पहले पति का हुआ था निधन

Listen to this article

टमाटर के खेत में निराई के दौरान जहरीले सांप ने डसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उत्तरकाशी |

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। नौगांव विकासखंड के बलाडी गांव में खेत में काम करने गई एक महिला की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सबसे मार्मिक बात यह है कि महिला के पति का भी करीब छह महीने पहले हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। अब परिवार पर दुखों का दूसरा बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलाडी गांव निवासी 58 वर्षीय सुगंधरा देवी शनिवार को अपने टमाटर के खेत में निराई-गुड़ाई करने गई थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद एक जहरीले सांप ने उनके हाथ पर डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुगंधरा देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों सहित चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। इनमें दो बेटों और एक बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि एक बेटी अभी अविवाहित है।

गौरतलब है कि सुगंधरा देवी के पति भरत सिंह, जो होमगार्ड में कार्यरत थे, का लगभग छह महीने पहले हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। पति की मौत के बाद परिवार किसी तरह खुद को संभाल रहा था, लेकिन अब सुगंधरा देवी की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

बरसात और गर्मी के मौसम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि खेतों और झाड़ियों में काम करते समय लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए तथा सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना चाहिए।

About The Author