कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर 5 सेंटर सील

Listen to this article

हल्द्वानी। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर हल्द्वानी शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन, फायर विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास, फायर सुरक्षा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। जांच में कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ संस्थानों के पास फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तक नहीं मिला।

गंभीर सुरक्षा खामियों को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को निर्धारित समय के भीतर सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी जारी की गई।

इस अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि हल्द्वानी मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र है, जहां उत्तराखंड समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह विशेष अभियान चलाया है।

About The Author