मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न वर्गों के लोगों ने दी शुभकामनाएं

देहरादून, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में दिनभर आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न वर्गों के लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।

इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री आवास पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।
मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों तथा शासन-प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। लंबे समय से मुख्यमंत्री के साथ कार्य कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल जीवन की कामना की।

सभी के स्नेह के लिए मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देने पहुंचे सभी लोगों का आत्मीयता से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्नेह और शुभकामनाएं उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सेवा का दायित्व एक सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग, समन्वय और टीम भावना से ही राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे ले जाने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर चले इस शुभकामना कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी और स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।











