तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं, ₹66,400 का जुर्माना; दो वाहन सीज, एक का ई-चालान
विकासनगर। तहसील विकासनगर क्षेत्र में यमुना नदी से अवैध रूप से उपखनिज निकालने और उसका परिवहन करने के मामले में खनन विभाग ने कार्रवाई की है। जिलाधिकारी देहरादून एवं जिला खान अधिकारी के निर्देश पर सहायक खनिज पर्यवेक्षक शिवा नेगी के नेतृत्व में खनन विभाग और चयनित ठेकेदार KRBM कंपनी की टीम ने 2 नंबर पुल के समीप कूड़ा घाटी स्थित यमुना नदी क्षेत्र में छापेमारी की।
अभियान के दौरान टीम ने यमुना नदी क्षेत्र से उपखनिज का अवैध खनन एवं परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कोतवाली विकासनगर में सीज कर खड़ा कराया गया। वहीं, तीसरा वाहन खराब होने के कारण मौके से नहीं हटाया जा सका, जिस पर विभाग ने मौके पर ही ई-चालान की कार्रवाई की।
खनन विभाग ने तीनों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 66,400 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। विभाग की कार्रवाई से अवैध खनन और उपखनिज परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार नदी क्षेत्रों में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
