अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर होगा प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण, तय मानकों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी करने पर जोर
देहरादून, 22 सितंबर। राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर समिति के सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित सभी प्रकरणों का परीक्षण निर्धारित मानकों और शासन द्वारा तय प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों का विधिवत परीक्षण करने के बाद ही नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पारदर्शिता और निष्पक्षता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हीकरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण उपलब्ध अभिलेखों और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर किया जाए, ताकि प्रक्रिया नियमानुसार और स्पष्ट तरीके से पूरी हो सके।
उन्होंने समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
समिति सदस्यों ने रखे सुझाव
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव और विचार रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों में आवश्यक अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाए और पात्र प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा समिति के सदस्य ओपी उनियाल, देवीगोदियाल, डीएस गुंसाई, विवेकानंद खंडूड़ी, सरोज डिमरी, उर्मिला, निर्मला बिष्ट, पुष्पलता सिलमाना सहित अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
