रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास का खुलासा, एक अभियुक्ता गिरफ्तार

डेयरी के लेन-देन के विवाद में महिला को डराने की बनाई थी योजना, चार अन्य आरोपी फरार

देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ के आधार पर चार अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को सुषमा वर्मा पत्नी राहुल वर्मा, निवासी कानन कुंज, सहस्रधारा रोड ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि सुबह करीब 6:50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। शिकायत पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर और एसओजी देहात की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटना में प्रयुक्त वाहन तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।

लगातार जांच के बाद पुलिस टीम ने 26 सितंबर 2026 को सहस्रधारा रोड से चाहत उर्फ अन्नू पुत्री विनोद कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोविंद विहार डांडा लखौंड, थाना रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया।

डेयरी के लेन-देन को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह दीपक पासवान को पिछले करीब दो वर्षों से जानती थी और दोनों व्यवसाय शुरू करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई और अठूरवाला-भानियावाला स्थित एक डेयरी को चलाने का सौदा 7.50 लाख रुपये में तय हुआ। पुलिस के अनुसार, इस सौदे के तहत 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिया गया था।

अभियुक्ता के कथित बयान के अनुसार, डेयरी में मौजूद 11 गायों से प्रतिदिन करीब 150 लीटर दूध मिलने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में दूध की मात्रा कम निकलने पर रकम वापस करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया।

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपियों ने सुषमा वर्मा को डराने की योजना बनाई। इसके लिए कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली गई। घटना से पहले आरोपी अपने साथियों से मिलने रोशनाबाद, हरिद्वार भी गए थे।

शोर मचाने पर मौके से भागे आरोपी

पुलिस पूछताछ के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह दीपक, आदित्य और लक्की स्विफ्ट कार से सहस्रधारा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला को डराने के उद्देश्य से उसे कार में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन महिला द्वारा शोर मचाने और आसपास लोगों के पहुंचने की आशंका के चलते आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर चार अन्य वांछित आरोपियों के नाम सामने आने की बात कही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

वांछित अभियुक्त

1. दीपक पुत्र दिलीप कुमार, विष्णु लोक कॉलोनी, ज्वालापुर, थाना सिडकुल, हरिद्वार।
2. सुशांत उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार, ग्राम डोब, तहसील देवप्रयाग, थाना हिंडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल।
3. आदित्य वशिष्ठ पुत्र अमित शर्मा, औरंगाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार।
4. प्रियांशु पुत्र सुखपाल, नगला अहमद, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *