देहरादून में भाजपा पार्षद के घर सनसनीखेज वारदात, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश करने का आरोप

करीब 20 दिन पहले दिल्ली से बुलाया गया था नेपाल मूल का घरेलू सहायक, सोने के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप; पार्षद की हालत गंभीर

देहरादून। राजधानी देहरादून में भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश करने और घर से सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था।

आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान आरोपित घर में रखे सोने के आभूषण लेकर कथित तौर पर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।

परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पार्षद की हालत गंभीर

घटना के बाद भाजपा पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की स्थिति ठीक बताई गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घरेलू सहायक की पहचान, उसके मोबाइल संपर्कों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही चोरी किए गए आभूषणों का भी पता लगाने में जुटी है।

20 दिन पहले ही घर में रखा गया था सहायक

बताया जा रहा है कि संबंधित घरेलू सहायक को करीब 20 दिन पहले ही दिल्ली से लाकर घर में काम पर रखा गया था। परिवार का विश्वास हासिल करने के बाद कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या फिर किसी अन्य परिस्थिति में इसे अंजाम दिया गया। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author